साहिबजादा का गन शॉट सेलिब्रेशन, रऊफ का इशारा – ऑपरेशन सिंदूर में 6 प्लेन गिराए; मोमेंट्स
एशिया कप के सुपर-4 स्टेज में भी भारत ने पाकिस्तान पर दबदबा दिखाया और टीम को 6 विकेट के बड़े अंतर से हरा दिया। दुबई में रविवार को भारत से 5 और पाकिस्तान से 2 कैच छूटे। वहीं अभिषेक शर्मा और हारिस रऊफ के बीच बहस हो गई। अभिषेक ने पारी की पहली ही गेंद पर छक्का भी लगा दिया। सूर्यकुमार यादव ने सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया।
1. सूर्या और सलमान ने फिर हाथ नहीं मिलाया भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया। दोनों कप्तानों ने ग्रुप स्टेज मैच के दौरान भी हाथ नहीं मिलाया था। जिसके बाद पाकिस्तानी टीम ने पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में आने से मना कर दिया था।
2. फखर के विकेट पर अंपायर ने रिव्यू लिया तीसरे ओवर में भारत को पहला विकेट मिला। हार्दिक पंड्या ने फखर जमान को कॉट बिहाइंड कराया, लेकिन उनके विकेट को चेक करने के लिए अंपायर को रिव्यू लेना पड़ गया।हार्दिक ने ओवर की तीसरी बॉल गुड लेंथ पर आउट स्विंगर फेंकी। फखर डिफेंड करने गए, लेकिन गेंद विकेटकीपर संजू सैमसन की ओर चली गई। उन्होंने लो-कैच पकड़ा। इस पर फील्ड अंपायर ने थर्ड अंपायर से पूछा कि कैच फेयर है या नहीं। टीवी अंपायर ने आउट का फैसला दिया, लेकिन फखर इससे नाखुश नजर आए।
3. साहिबजादा ने मिसाइल दागने का इशारा किया पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान ने 10वें ओवर में फिफ्टी पूरी कर ली। उन्होंने अक्षर पटेल के ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का लगाया और 33 गेंद पर अर्धशतक पूरा कर लिया। फिफ्टी लगाने के बाद उन्होंने अपने बैट से मिसाइल दागने का इशारा कर सेलिब्रेशन किया।
4. अभिषेक का बेहतरीन डाइविंग कैच अभिषेक शर्मा ने 2 कैच छोड़ने के बाद 11वें ओवर में बेहतरीन डाइविंग कैच पकड़ा। 11वें ओवर की तीसरी बॉल शिवम दुबे ने लेग स्टंप की ओर शॉर्ट पिच फेंकी। सईम अयूब बड़ा शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद लॉन्ग लेग की ओर खड़ी हो गई। अभिषेक दौड़ते हुए गेंद की तरह आए और डाइव लगाकर बेहतरीन कैच पकड़ लिया। अयूब ने 17 गेंद पर 21 रन बनाए।

5. हाथ से बैट छूटने के बाद कैच हुए फरहान 15वें ओवर में पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान के हाथ से बैट छूट गया, लेकिन इसी गेंद पर वे मिड-ऑफ पर कैच हो गए। ओवर की पहली गेंद शिवम दुबे ने ऑफ स्टंप के बाहर स्लोअर फेंकी। फरहान लेग साइड की ओर शॉट खेलने गए, लेकिन बैट उनके हाथ से छूटकर लेग अंपायर की ओर चले गया। गेंद मिड-ऑफ की ओर हवा में खड़ी हो गई। सूर्यकुमार यादव कवर्स पोजिशन से गेंद के नीचे आए और कैच पकड़ लिया। फरहान ने 45 गेंद पर 58 रन बनाए।
6. नवाज की नजर हटी, रन आउट हुए 19वें ओवर में मोहम्मद नवाज गेंद पर नजर नहीं रख पाने के कारण रन आउट हो गए। ओवर की तीसरी गेंद जसप्रीत बुमराह ने लो फुल टॉस फेंकी। सलमान अली आगा ने कवर्स की ओर शॉट खेला और रन के लिए दौड़ पड़े।
सलमान ने रन पूरा कर लिया, लेकिन नवाज ने गेंद से नजर हटा ली और क्रीज में धीरे-धीरे जाने लगे। फील्डर सूर्यकुमार यादव ने गेंद उठाई और स्टंप्स की ओर थ्रो कर दिया। गेंद स्टंप्स से लग गई, इस दौरान नवाज क्रीज से बाहर ही घूम रहे थे। उन्हें 21 रन बनाकर पवेलियन लौटना पड़ा।
