विजयराघवगढ़ नगर में हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। मुख्य मार्गों पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण ने सड़कों को इतना संकरा बना दिया है कि आए दिन भारी जाम की स्थिति बन रही है। बड़े वाहनों के फंसने पर तो हालात और भी खराब हो जाते हैं, कभी-कभी लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ता है।
दरअसल, हाईकोर्ट ने तीन माह पहले नगर से अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए थे, लेकिन अब तक नगर परिषद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। नतीजा यह है कि सड़कें दुकानों के कब्जे में हैं और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई, तो समस्या और विकराल रूप ले लेगी। लोगों ने प्रशासन से साफ-साफ मांग की है “अतिक्रमण हटाओ, यातायात व्यवस्था सुधारो।”
जनता का मानना है कि अगर कोर्ट के आदेशों का पालन हुआ तो विजयराघवगढ़ की सड़कों से जाम की समस्या खत्म होगी और यातायात सुचारू रूप से चल सकेगा। फिलहाल, नगरवासी प्रशासन की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं कि आखिर कब ये कार्रवाई होगी और कब उन्हें राहत मिलेगी।