कटनी: विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चोरी रोड पर आज शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैहर जिले के ग्राम मन्तुलवा निवासी एक ही परिवार के कुछ सदस्य बीते दिन ‘पथ’ लेकर विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चोरी आए थे। आज शाम जब वे वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी ग्राम चोरी रोड पर एक तीव्र ढलान के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।
चीख-पुकार और राहत कार्य
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुँचकर 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए कटनी जिला अस्पताल भेजा।
मृतक की पहचान
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल पूजा (निवासी सिंगरौली, वर्तमान निवासी जिला मैहर) की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य घायलों का उपचार फिलहाल जिला अस्पताल में जारी है, जिनमें से कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।