कहते हैं मेहनत और हौसले का फल मीठा होता है—और यह कहावत पन्ना जिले के दो युवाओं पर पूरी तरह सटीक बैठती है। कृष्णा कल्याणपुर हीरा क्षेत्र में किस्मत आजमाने उतरे दो दोस्त आज रातों-रात लखपति बन गए, जब उन्हें 15.34 कैरेट का जेम क्वालिटी का बेशकीमती हीरा मिला। इस हीरे की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी अनुसार सतीश खटीक (24) और साजिद मोहम्मद (23), दोनों निवासी रानीगंज, ने करीब 20 दिन पहले हीरा कार्यालय से वैध पट्टा लेकर कृष्णा कल्याणपुर पटी क्षेत्र में खदान लगाई थी। लगातार मेहनत के बाद आज उनकी किस्मत चमक उठी और उन्हें यह बहुमूल्य हीरा मिला, जिसे दोनों दोस्तों ने ईमानदारी से हीरा कार्यालय में जमा कर दिया।

सतीश अपने पिता के साथ मांस की दुकान चलाते हैं, जबकि साजिद अपने पिता के साथ फल का व्यवसाय करते हैं। दोनों की दो-दो बहनें हैं, जिनकी शादी की जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर है। आर्थिक जरूरतों को देखते हुए दोनों दोस्तों ने हीरा खनन का रास्ता चुना—और आज वही फैसला उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ बन गया।
दोनों दोस्तों ने बताया कि नीलामी से मिलने वाली राशि को वे आपस में बराबर बांटेंगे। सबसे पहले बहनों की शादी करेंगे, शेष राशि से फिर से खदान लगाएंगे और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाएंगे।
साजिद मोहम्मद ने भावुक होते हुए बताया कि उनके दादा मोहम्मद हबीब ने करीब 50 वर्षों तक हीरा खनन किया, लेकिन उन्हें कभी बड़ा हीरा नहीं मिला। उनके पिता ने भी 20 वर्षों तक मेहनत की, परंतु छोटे हीरे ही हाथ लगे। तीसरी पीढ़ी में आज 15.34 कैरेट का शानदार हीरा मिलना पूरे परिवार के लिए गर्व और खुशी का पल बन गया।
हीरा पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि यह हीरा उच्च गुणवत्ता का जेम क्वालिटी हीरा है, जिसकी बाजार में जबरदस्त मांग है। इसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा, जहां इसकी कीमत और भी बढ़ सकती है |