निगमायुक्त तपस्या परिहार ने बुधवार को गुरूनानक वार्ड स्थित बिलैया तलैया सब्जी मंडी, आईएचएसडीपी योजनांतर्गत अमीरगंज पडरवारा बस्ती तथा अमृत 2.0 योजना अंतर्गत मसुरहा घाट में कराए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी कार्यपालन यंत्री श्री सुधीर मिश्रा, श्री असित खरे, राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री श्री सुनील सिंह, उपयंत्री श्री शैलेन्द्र प्यासी, अतिक्रमण प्रभारी श्री मानेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सब्जी मंडी की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
निगमायुक्त ने बिलैया तलैया सब्जी मंडी की गलियों एवं सभी प्रवेश मार्गों का पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों से मंडी में निर्मित 237 दुकानों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। निगमायुक्त ने मंडी परिसर में आवश्यक मरम्मत कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने, नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा दुकानदारों की सीमा निर्धारित कर आवागमन व्यवस्था सुगम बनाने के निर्देश दिए।

आईएचएसडीपी बस्ती में नोटिस जारी करने के निर्देश
पडरवारा बस्ती निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने निर्मित आवासों की स्थिति का अवलोकन किया। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि ब्लॉक-ए में 162 आवास निर्मित किए गए थे, जिनमें से 119 का आवंटन किया जा चुका है। शेष आवासों में अनाधिकृत रूप से निवासरत व्यक्तियों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। साथ ही समस्त भवनों का पुनः सर्वे कर पात्रता परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए।
मसुरहा घाट के कार्यों में गुणवत्ता सुधार के निर्देश
मसुरहा घाट में पिचिंग, सीढ़ियों एवं पाथवे निर्माण कार्यों में पाई गई कमियों पर निगमायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए समस्त शेष कार्य मानक गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने तथा घाट परिसर में समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए।