मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें सत्र में भाग लेने सोमवार देर रात न्यूयॉर्क के लिए रवाना हो गए। यह उच्च-स्तरीय बैठक 8 से 14 अक्टूबर 2025 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें दुनिया भर के देशों के प्रतिनिधि वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
विवेक तन्खा भारत के संसदीय प्रतिनिधिमंडल के प्रथम दल के सदस्य हैं। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राजस्थान के पाली से लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री पी. पी. चौधरी कर रहे हैं। भारत की ओर से कुल 15 सांसद इस प्रतिष्ठित बैठक में हिस्सा लेंगे — जिनमें 11 लोकसभा सदस्य और 4 राज्यसभा सदस्य शामिल हैं।
प्रतिनिधिमंडल में सांसद डॉक्टर निशिकांत दुबे, कुमारी शैलजा, राजीव राय, डॉक्टर मेधा विश्राम कुलकर्णी और उज्जवल निकम जैसे प्रमुख नाम भी शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल भारत की ओर से संयुक्त राष्ट्र में लोकतांत्रिक मूल्यों, वैश्विक शांति, मानवाधिकार और सतत विकास लक्ष्यों से जुड़े मुद्दों पर देश की बात रखेगा।