रैपुरा क्षेत्र अंतर्गत मलघन खरीदी केंद्र से धान लेकर बड़गांव वेयरहाउस जा रहा एक ट्रक शनिवार सुबह जटेरा घाट के पास हादसे का शिकार हो गया। गनीमत यह रही कि दुर्घटना में ट्रक चालक और हेल्पर को कोई गंभीर चोट नहीं आई और दोनों सुरक्षित बच गए।
जानकारी अनुसार शनिवार सुबह करीब 6 बजे घनघोर कोहरे के बीच अचानक एक नीलगाय ट्रक के सामने आ गई। नीलगाय को बचाने के प्रयास में चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का क्रमांक MP 18 H 5201 बताया जा रहा है।

हादसे में ट्रक में भरा धान सड़क पर बिखर गया, जिससे आर्थिक नुकसान होने की बात सामने आ रही है। हालांकि इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि इस नुकसान की जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी।
क्या यह खरीदी केंद्र प्रबंधन की लापरवाही मानी जाएगी, क्या कोहरे और वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी तय होगी, या फिर पूरा दोष ट्रक चालक पर ही डाला जाएगा?
घटना के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है कि कोहरे के मौसम और जटेरा घाट जैसे संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई करता है और नुकसान की भरपाई किसके जिम्मे आती है।