सोने का लालच देकर चाकू की नोक पर साढ़े 8 लाख रु लूटने वाले पारधी गिरोह को गिरफ्तार करने में कोतवाली पुलिस को मिली सफलता की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि दिनांक 25.12.2025 को महिला बबीता डेहरिया पति नारायण डेहरिया उम्र 37 वर्ष नि. हडई थाना हर्रई जिला छिंदवाड़ा के द्वारा थाने में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि रक्षाबंधन के समय कटनी में एक पारधी महिला रेल्वे स्टेशन के पास मिली थी जिससे सस्ते दाम में सोना देने की बात हुई थी। उस महिला से फोन पर लगातार बात होने लगी। फिर आज से करीब 20 दिन पहले वह अपने भाई विशन लाल उईके के साथ मुड़वारा स्टेशन के पास उस महिला से मिली। पारधी महिला के साथ दो आदमी भी थे, जिन्होनें अपने पास से एक सोने की गिन्नी दिखाई जो हम लोग हाथ में लेकर देखे तो एकदम सोने जैसी लग रही थी। महिला ने कहा कि उनके पास 7-8 किलो सोना है लेना है तो जल्दी पैसों की व्यवस्था कर लो नही तो किसी और को बेच देंगे। फिर हम लोग वापस अपने घर चले गए।
सस्ता सोना खरीदने की बात अपने परिचितों से की तो सभी सोना खरीदने को राजी हो गए। फिर दिनांक 24.12.2025 को पारधी महिला का फोन आने पर वह, विशन लाल उईके, विकास बंजारा, अनिल नायक व मुकेश सोनी के साथ 8 लाख रूपये लेकर कार से कटनी आए। महिला ने हमें खरखरी स्कूल के पास का लोकेशन भेजा जो हम सभी कार से वहां पहुंचे। वहां पर 1 महिला और 3 पुरूष पहले से खड़े थे। उन्होनें बोला कि पहले पैसा दिखाओ तब सोना देगें। तब हमने भूरे रंग के बैग में रखे हुए 8 लाख रूपये उनको दिखाए, तभी वहां पर 1 पुरूष और 1 महिला और आ गए। उन सभी ने हमें घेर लिया और चाकू निकालकर गालियां देना शुरू कर दिया ।

उनमें से एक पारधी ने विकास बंजारा के गले में चाकू अड़ाकर रूपयों से भरा बैग छीन लिया और मुकेश व विकास का फोन छीनकर दो मोटर सायकल में यह कहकर भाग गए कि यहां दुबारा दिखे तो जान से खत्म कर देगें। हम सभी लोग बहुत ज्यादा डर गए। जिन्होनें हमारे साथ घटना घटित की है उन्हें देखकर पहचान लेगें। महिला की रिपोर्ट पर अप. क्र. 1060/25 धारा 296 (ए), 318 (4), 311, 351 (3) बीएनएस का पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम बनाकर अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देने हेतु टीम बनाकर थाना प्रभारी कोतवाली, माधवनगर, रंगनाथनगर, रीठी एवं चौकी प्रभारी बस स्टेण्ड को निर्देशित किया गया। टीमों के द्वारा तकनीकी मदद एवं पीड़ितों के बताए हुलिए अनुसार पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी करते हुए सरगर्मी से पता तलाश की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बताए हुलिए के पारधी कैलवारा बायपास के पास दो मोटर सायकल से देखे गए है जिनके साथ दो महिलाएं भी है। सूचना पर तत्काल सभी टीमों ने घेराबंदी करते हुए 4 पुरूष व 2 महिलाओं को मोटर सायकल समेत पकड़ा गया। जिनसे पूछताछ करने पर खरखरी के पास चाकू की नोक पर 8 लाख रूपये की डकैती करने की घटना को स्वीकार किया गया। सभी आरोपियों के कब्जे में अलग-अलग डकैती की पूरी रकम 8 लाख रूपये बैग के साथ जप्त किए गए ।
*पकड़े गए आरोपियों बुश लाल पारधी पिता हर प्रसाद पारधी उम्र 32 वर्ष नि. बिरूहली थाना रीठी जिला कटनी से 1.50 लाख रू नगद व 1 चाकू, 1 मोबाईल फोन,बाबू सिंह पिता लक्ष्मण सिंह पारधी उम्र 23 वर्ष नि. बिरूहली थाना रीठी जिला कटनी- बरामदगी 1.50 लाख रू नगद, 1 चाकू व घटना में प्रयुक्त मो.सा. होण्डा हारनेट क्र. एम.पी 21 जेडएच 9426 की. 1.20 लाख, 1 मोबाईल फोन , ग्यारह बाबू पारधी पिता लक्ष्मण सिंह पारधी उम्र 23 वर्ष नि. बिरूहली थाना रीठी जिला कटनी बरामदगी 1.50 लाख रू. 1 चाकू व घटना में प्रयुक्त मो.सा. होण्डा लीवो क्र. एम.पी 21 एमए 9785 की. 1 लाख रू नगद, 1 मोबाईल फोन, सरीना उर्फ सहरीना पति बुश लाल पारधी उम्र 25 वर्ष नि. बिरूहली थाना रीठी जिला कटनी बरामदगी 1 लाख रूपये नगद, 1 पोटली में सोने जैसी धातु की गिन्नीयां वजनी करीब 250 ग्राम, 1 मोबाईल फोन, बली उर्फ बल्ली पिता बदरू वारण्ट पारधी उम्र 37 वर्ष नि. ग्राम देवरी थाना बीजाडांडी जिला मण्डला- बरामदगी 1.50 लाख रू नगद व 1 चाकू, 1 मोबाईल फोन, और लोंगचाई उर्फ लोंगा बाई पति बली उर्फ बल्ली उम्र 32 वर्ष नि. बिरूहली थाना रीठी जिला कटनी- बरामदगी 1 लाख रू नगद, 1 मोबाईल फोन जब्त किया गया है ।
इस कार्यवाही में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अति. पुलिस अधीक्षक डा. संतोष डेहहिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय व उनकी टीम (सउनि. विजय गिरी, प्र.आर. वीरेन्द्र सिंह, पुष्पराज सिंह, अनिल सेंगर, वीरेन्द्र तिवारी, आर. अजय प्रताप सिंह, अमित सिंह, उपेन्द्र सिंह, दीपक तिवारी, मंसूर हुसैन, दिनेश चंद सेन, अजीत सिंह), थाना प्रभारी माधवनगर निरीक्षक संजय दुबे व उनकी टीम (उनि. नवीन नामदेव, प्र.आर. मणि बागरी,) थाना प्रभारी रंगनाथ नगर उनि. अरूणपाल सिंह व उनकी टीम (प्र.आर. अर्जुन तिवारी आर. वीरेन्द्र दहायत, रोहित झारिया), चौकी प्रभारी बस स्टेण्ड उनि. सिद्धार्थ राय व उनकी टीम (सउनि. दीपेन्द्र शर्मा, सुशील पाण्डेय, मनोज पटेल, अनमोल सिंह, सतेन्द्र पटेल, मनु त्रिपाठी) एवं थाना रीठी से प्र.आर. अजय मेहरा एवं आर. नीतेश दुबे की अहम भूमिका रही