कटनी। दद्दा धाम में चल रहे शिवलिंग निर्माण, रुद्राभिषेक और प्राण प्रतिष्ठा समारोह में श्रद्धा और भक्ति का अनवरत प्रवाह देखने को मिल रहा है। लगातार जारी धार्मिक अनुष्ठानों और कार्यक्रमों के बीच आज दद्दा जी के विग्रह रूप की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना दिया।
इस शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। धर्म की गूंज के साथ पूरा वातावरण “हर हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा। शोभायात्रा में विख्यात धर्मगुरु अनिरुद्धाचार्य जी महाराज के साथ-साथ फिल्म जगत से भी कई जानी-मानी हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें अभिनेता आशुतोष राणा, अभिनेत्री रेणुका शहाणे, टीवी सीरियल ‘सीआईडी’ से पहचान बनाने वाले कलाकार अभय शुक्ला और प्रोड्यूसर तेजस भाई पटेल शामिल रहे।

शोभायात्रा की भव्यता में इंटरनेशनल श्याम बैंड पार्टी की मधुर धुनों ने चार चांद लगा दिए। धार्मिकता और उत्सव का ऐसा संगम शायद ही पहले कभी देखा गया हो।
आयोजकों के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में भी दद्दा धाम भक्ति के रंग में डूबा रहेगा। इंद्रेश जी महाराज, आशुतोष राणा, पुंडरीक जी महाराज, चित्र-विचित्र जी, निकुंज कामरा सहित देशभर के प्रसिद्ध संत, कलाकार, गायक और राजनीतिक हस्तियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।