5 एकड़ में लगी धान को काटकर गहाई के लिए किसान ने शाम को खलिहान में रखा था और देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने धान के ढेर में आग लगा दी, जिससे लगभग 100 बोरी धान जलकर खाक हो गई। पीड़ित किसान को लगभग दो से तीन लाख का नुकसान हुआ है।
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आधार काप निवासी गोलू निषाद ने बताया कि उसने 7 एकड़ खेत किराए पर लेकर धान की फसल लगाई थी। धान की फसल पकने पर कल उसने मजदूरों के साथ धान कटवा कर खलिहान में रख दी थी और आज से गहाई करवानी थी, लेकिन देर रात 1 से 2 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी धान में आग लगा दी।
लगभग 100 बोरी धान आग में जलकर खाक हो गई। किसान ने बताया कि उसने कर्ज लेकर खेती का कार्य किया था। उसका लगभग 2 से 3 लाख का नुकसान हुआ है। कर्ज के साथ ही मजदूरों के पारिश्रमिक का भुगतान भी उसे करना है। लेकिन उसके पास कुछ नहीं बचा। आग किसने लगाई, इस संबंध में उसे कोई जानकारी नहीं है। उसने कोतवाली थाने में घटना की शिकायत दर्ज करवा दी है।