जिला प्रशासन ने बोर्ड परीक्षा के परिणामों की बेहतरी के लिए सुचिंतित और प्रभावी पहल शुरू किया है।कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर सत्र 2025-26 में जिले की हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल की बोर्ड परीक्षा परिणामों में गुणात्मक सुधार लाने तथा प्रदेश की प्रवीण सूची में जिले के विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने और कमजोर विद्यार्थियों की शैक्षणिक मदद हेतु जिले में 23 दिसंबर से अभिनव पहल सक्सेस 3.0 शुरू की जा रही है। इस संबंध में जिले के समस्त शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों के प्राचार्यों को दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं।
जारी निर्देश के अनुसार इस पहल में प्रतिदिन प्रति विषय 10-10 प्रश्न और उत्तर तैयार किये जायेंगे। ये प्रश्नोत्तर प्रतिदिन कटनी प्रिंसिपल के व्हाट्स ऐप ग्रुप में प्रेषित किये जायेंगे। जहां से ये सभी प्रश्नोत्तर सभी विद्यालयों में संबंधित विषय शिक्षक विद्यार्थियों के ग्रुप में उसी दिवस भेजना सुनिश्चित करेंगे।
विद्यार्थी उसे विषयवार कॉपियों में लिखकर लायेगें, जो विद्यार्थी लिखकर नहीं लाते है तो उन्हें संबंधित विषय शिक्षक अपने कालखंड में लिखवाकर पूर्ण करायेगें। प्रत्येक विषय शिक्षक एक दिवस पूर्व प्राप्त प्रश्नों को सभी विद्यार्थियों से पूछेगें एवं उनके द्वारा बनायी गयी उत्तर पुस्तिका को चैक करेंगे। प्रतिदिन विद्यार्थियों की सक्सेस 3.0 की विषयबार कॉपियों की रेंडमली जाँच की जायेगी। विषय शिक्षक द्वारा सप्ताह में एक दिन सभी विद्यार्थियों का टेस्ट लिया जायेगा एवं रिकार्ड संधारित किया जावेगा। अर्द्ध वार्षिक परीक्षा में कमजोर विद्यार्थियों की प्रतिदिवस सतत मॉनीटरिंग की जाएगी एवं उन्हें प्रश्न उत्तर याद कराये जायेंगे।
निर्देश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिला एवं विकासखंड कार्यालय द्वारा इसकी सतत मॉनीटरिंग की जाएगी और योजना का क्रियान्वयन न पाये जाने पर संबंधित शिक्षक एवं प्राचार्य के विरूद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी।