पन्ना। जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनहाई में उस वक्त सनसनी फैल गई जब खेत में बने एक कुएं में युवती का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतका की पहचान अनीता आदिवासी पिता पीतम आदिवासी, उम्र 18 वर्ष, निवासी जमुनहाई के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार अनीता 9 नवंबर की शाम अचानक घर से लापता हो गई थी। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने पहले आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन जब कोई पता नहीं चला तो उन्होंने बृजपुर थाना पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसी बीच 11 नवंबर को ग्रामीणों ने खेत के एक कुएं में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है — यह हादसा है या हत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।