कटनी जिले को हिला देने वाले नीलू रजक हत्याकांड में पुलिस ने अब बड़ी सफलता हासिल की है। मुख्य आरोपी अकरम खान से की गई पूछताछ के आधार पर इस पूरी साज़िश की परतें खुलने लगी हैं। पुलिस ने हत्या की योजना में शामिल कई अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो इस पूरे अपराध में अलग-अलग भूमिकाओं में शामिल थे।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में सबसे अहम नाम है आरिफ उर्फ मानू खान (26 वर्ष, निवासी अमरैयापार), जिसने इस हत्या की पूरी साजिश रची और अपराध का योजनाकार बताया जा रहा है। इसके अलावा, सलीम खान उर्फ चच्चा (45 वर्ष, निवासी खलवारा बाजार) को भी पकड़ा गया है, जिसने नीलू रजक की निगरानी और रैकी की थी। उसे महानदी विजयराघवगढ़ पुल के पास से गिरफ्तार किया गया।
तीसरा आरोपी मोहम्मद जैद अजहरी (21 वर्ष, निवासी भटिया मोहल्ला) को कैमोर क्षेत्र से पकड़ा गया, जो अपराध के दौरान संपर्क और सूचना देने की भूमिका निभा रहा था। वहीं, हर्ष सिंह (23 वर्ष, निवासी लालपुर, अमरपाटन, जिला मैहर) से अकरम खान और लकी अंसारी ने पिस्टल और कारतूस खरीदे थे। हर्ष को कोलगवां, सतना से गिरफ्तार किया गया।
अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हैं —अकरम खान, इमैनुअल जोसेफ उर्फ प्रिंस, सलीम खान उर्फ चच्चा, मोहम्मद जैद अजहरी और हर्ष सिंह।सभी आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
वहीं, पुलिस की टीम अब भी तीन फरार आरोपियों — अमन खान, लकी अंसारी और छोटू सिंह की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।