थाना स्लीमनाबाद पुलिस ने चाकूबाजी की गंभीर वारदात का खुलासा करते हुए मात्र 48 घंटे में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस त्वरित कार्रवाई ने पुलिस की सतर्कता और अपराध पर सख्त रुख को फिर साबित कर दिया है।
घटना 2 अक्टूबर 2025 की रात करीब 10 बजे की है। ग्राम मोहनिया निवासी रविन्द्र यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने रिश्तेदार सोहित यादव और सिकन्दर यादव के साथ स्लीमनाबाद तिराहे पर खड़ा था। तभी कृष्णकांत यादव का फोन आया कि बहोरीबंद मोड़ के पास कुछ युवकों से विवाद हो गया है। रविन्द्र और उसके साथी तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां नीलकंठ फिजियोथेरेपी सेंटर के पास कृष्णकांत पर बुल्ला कोल, तुषार कोल और उनके साथियों ने हमला कर दिया था।
मौके पर विवाद बढ़ा और आरोपी बुल्ला कोल ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। वारदात में सिकन्दर यादव के पेट में गंभीर चोट आई, जबकि बीच-बचाव में आए रविन्द्र और सोहित यादव से भी मारपीट की गई। घायल सिकन्दर को एम्बुलेंस की मदद से स्लीमनाबाद अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर स्थिति में जबलपुर रेफर किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया और एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सटीक जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सिर्फ 48 घंटे में आरोपी सचिन पिता राजेश कोल (21 वर्ष), मनीष पिता बुल्ला कोल (19 वर्ष), निवासी मोहदापुरा मोहल्ला स्लीमनाबाद सहित तीन बाल अपचारियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।बाल अपचारियों को किशोर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि सचिन और मनीष को न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने पर जिला जेल कटनी भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुदेश कुमार के साथ सहायक उप निरीक्षक तीरथ तेकाम, रवि शुक्ला, प्रधान आरक्षक रामेश्वर, अजय यादव, राहुल सिंह, आरक्षक सतेंद्र और बालकृष्ण की अहम भूमिका रही।