उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली में आज तहसील अधिवक्ता संघ का चुनाव पूरी शांति और सुरक्षा व्यवस्था के बीच सम्पन्न हुआ। चुनाव अधिकारी एडवोकेट तमीम ख़ान, जयकुमार मिश्रा और नीरज राय की देखरेख में मतदान प्रक्रिया पूरी की गई।
इस चुनाव में अध्यक्ष पद पर राजेंद्र प्रताप सिंह ने जीत दर्ज करते हुए तहसील अधिवक्ता संघ की कमान संभाली। वहीं अन्य पदों पर क्रमशः राजेश त्रिपाठी उपाध्यक्ष, अमर सिंह सचिव, बसंत तिवारी सह सचिव, चंद्र गुप्ता कोषाध्यक्ष और आरती सराफ पुस्तकालय प्रभारी के रूप में निर्वाचित हुए।
कार्यकारिणी सदस्य पद पर अशोक चतुर्वेदी, दिलीप मेहरा, आशिक़ हुसैन और योगेश बैजवानी विजयी घोषित किए गए।
चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए कुल पाँच उम्मीदवार मैदान में थे —
राजेंद्र प्रताप सिंह को 22, बृजेश उपाध्याय को 21, सुशांत सक्सेना को 19, सुदामा विश्वकर्मा को 12 और आत्माराम अवधिया को 1 मत प्राप्त हुआ। इसी तरह उपाध्यक्ष पद पर राजेश त्रिपाठी ने 50 मतों से जीत दर्ज की, जबकि अजय शिवहरे को 25 मत मिले।
सचिव पद पर कड़ा मुकाबला रहा — अमर सिंह को 38 और अरविंद गुप्ता को 37 मत प्राप्त हुए। सह सचिव पद पर बसंत तिवारी को 45 और रामजी गुप्ता को 30 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर चंद्र गुप्ता को 40 और कमलनारायण सिंह को 35 मत प्राप्त हुए। वहीं पुस्तकालय प्रभारी पद पर आरती सराफ ने 41 मतों से जीत दर्ज की, जबकि राम प्रकाश विश्वकर्मा को 34 मत मिले।
मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी पदों के लिए एक-एक मत अमान्य घोषित किया गया।
विजय की घोषणा के बाद सभी विजयी उम्मीदवारों ने माता बिरासिनी के दरबार में पहुँचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और चुनाव को पूर्णतः शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए चुनाव अधिकारियों की सराहना की।