कटनी में अवैध माइनिंग और आयकर चोरी के मामलों को लेकर आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। माइनिंग कारोबारी जगदीश पटेल और उसके भतीजे संतोष पटेल के ठिकानों पर आयकर विभाग ने एक साथ छापेमार कार्रवाई की है।कार्रवाई के दौरान घर,ऑफिस और होटल सहित कई परिसरों की गहन जांच की जा रही है।
कुछ दिन पहले आय कर विभाग के 50 से अधिक अधिकारी अपनी गाड़ियों में स्वच्छता जागरूक अभियान 2025 का पोस्टर लगा माइनिंग कारोबारी एवं भाजपा नेता एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा और उनके अन्य तीन भाइयों के घर और उनके ठिकानों पर छापेमार कार्यवाही की थी और जांच उपरांत इनके तार अवैध माइनिंग कारोबारी जगदीश पटेल और संतोष पटेल के साथ जुड़ने पर इनके घर ऑफिस और इनकी होटल पर छापेमार कार्यवाही की गई है। जो लगातार कार्यवाही चल रही है। इसी क्रम में अशोक विश्वकर्मा और उनके अन्य तीन भाइयों के ठिकानों पर भी आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है।

पिछले चार दिनों से आयकर विभाग की टीम कटनी में मौजूद है और आयकर चोरी, अवैध लेन-देन और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। सुधार न्यास कॉलोनी स्थित जगदीश पटेल और उनके भतीजे के ठिकाने पर छापेमारी चल रही है। इस कार्रवाई में भोपाल और जबलपुर से आई आयकर विभाग की टीमें शामिल हैं। छापेमारी से जिले के राजनीतिक और कारोबारी गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है। जांच पूरी होने के बाद कई बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।