कटनी Bjp के दिग्गज नेता जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा के ठिकानों पर आयकर विभाग की बड़ी छापेमारी तड़के 4 बजे शुरू हुई छापेमारी, 50 से अधिक अधिकारी शामिल, माइनिंग ठिकानों से लेकर घर–होटल तक जांच ।
कटनी। जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता अशोक विश्वकर्मा के ठिकानों पर आज तड़के सुबह करीब 4 बजे बीएमसी विश्वकर्मा माइनिंग में आयकर विभाग ने बड़ी छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। यह कार्रवाई अशोक विश्वकर्मा व उनके भाई शंकरलाल विश्वकर्मा के यहां से प्रारंभ हुई, जो अबतक जारी रही।
आयकर विभाग की यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले को लेकर की जा रही है। बताया जा रहा है कि अशोक विश्वकर्मा एक बॉक्साइट माइनिंग कारोबारी हैं और इसी से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार इस छापेमारी में जबलपुर, भोपाल सहित अन्य शहरों से आए आयकर विभाग के अफसर शामिल हैं। करीब 50 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी इस कार्रवाई में लगे हुए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से सभी ठिकानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
कई स्थान पर एक साथ कार्रवाई
आयकर विभाग की टीम ने एक साथ कई जगहों पर दबिश दी है, जिनमें जालपा देवी वार्ड गौतम मोहल्ला स्थित तीन आवास एवं कार्यालय, टिकरिया स्थित खदान अन्य माइनिंग ठिकाने, पानी की फैक्टरी, बरगवां स्थित होटल परिसर शामिल बताए जा रहे हैं। सभी स्थानों पर दस्तावेजों, लेन-देन और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।