कटनी के भट्टा मोहल्ला में आज सुबह उस वक्त हंगामाखेज स्थिति निर्मित हो गई जब पूजा करने पहुंचे पंडित जी को मौके पर मंदिर ही नहीं मिला। वर्षों पुराना भगवान बजरंगबली जी का मंदिर रातों-रात गायब होने से स्थानीय लोगों में आश्चर्य के साथ ही खासा रोष नजर आ रहा था। कुछ देर में ही मंदिर गायब होने की खबर आग की तरह पूरे शहर में फैल गई।
देखते ही देखते लोगों का हुजूम एकत्रित हो गया। घटना का पता चलने पर बजरंग दल की जिला शाखा के सदस्य भी पहुंच गए, जिसके बाद हंगामे के साथ ही नारेबाजी भी शुरू हो गई।
बजरंग दल के राहुल दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि भट्टा मोहल्ला स्थित भगवान बजरंगबली जी का प्राचीन मंदिर बीती रात एल एंड टी कंपनी के ठेकेदार द्वारा हटा दिया गया और मूर्ति भी गायब कर दी गई। सुबह जब पंडित जी पूजा करने मंदिर पहुंचे और उन्हें मंदिर नहीं दिखा, तो उन्होंने इसकी जानकारी स्थानीयजनों को दी।

जिसके बाद मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। लोगों में इस घटना से नाराजगी साफ नजर आ रही थी। देखते ही देखते लोगों का आक्रोश हंगामे में तब्दील हो गया।
हंगामे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों के आक्रोश को देखते हुए एक सप्ताह में मंदिर का पुनर्निर्माण करवाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद माहौल शांत हो सका।