कटनी — पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत थाना बाकल पुलिस ने एक नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर परिवार से मिला दिया है। यह मामला उस समय सामने आया जब प्रार्थिया घसिटिया बाई ने अपनी नाबालिग नातिन के किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में बाकल पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। प्रशिक्षु डीएसपी एवं थाना प्रभारी सुश्री शिवा पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हर संभव सुराग जुटाए। तकनीकी व मानवीय सूचना तंत्र का उपयोग करते हुए पुलिस ने लगातार तलाशी अभियान चलाया और आखिरकार बालिका को राजस्थान के अजमेर से सकुशल बरामद कर लिया।
थाना बाकल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न सिर्फ परिजनों ने राहत की सांस ली, बल्कि पूरे क्षेत्र में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। परिजनों ने पुलिस टीम के प्रयासों की खुले दिल से सराहना की।
इस सराहनीय कार्य में प्रशिक्षु डीएसपी शिवा पाठक के साथ सउनि बीएम चौधरी, आरक्षक 209 रोशनी लोधी और आरक्षक 765 रक्षा साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।