कैमोर थाना क्षेत्र से आई हैरान करने वाली घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। बताया जा रहा है कि शांति यादव के बेटे पर बीती रात जानलेवा हमला किया गया, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक को तत्काल विजयराघवगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अपने एक दोस्त के साथ सड़क किनारे एक टपरे के पास खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। तभी स्कूटी से वहां हर्षित चावला नामक युवक पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने झगड़े का रूप ले लिया और हर्षित चावला ने अचानक तेज़धार हथियार से हमला कर दिया। हमला इतना तेज़ था कि पीड़ित लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि इन दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जो पुलिस के लिए भी लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ है।