आरोपी से बरामद शराब और स्कूटी को जप्त कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
मामला चौकी झिंझरी, थाना माधवनगर का है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसीया और थाना प्रभारी संजय दुबे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम नशा मुक्ति अभियान के तहत सक्रिय थी। इस दौरान टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक मेरून रंग की स्कूटी से अवैध शराब लेकर कुआं गांव से गुलबारा बायपास की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने गुलबारा बायपास रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोक लिया। स्कूटी चालक ने पूछताछ में अपना नाम मोनू उर्फ मनीष निषाद पिता चंद्रभान निषाद (उम्र 19 वर्ष) निवासी कुठला थाना क्षेत्र बताया। जब पुलिस ने स्कूटी की तलाशी ली, तो उसकी डिक्की से 100 पाव लाल मसाला देशी शराब और स्कूटी के आगे रखी एक बोरी से 234 पाव प्लेन देशी शराब, कुल 60.01 लीटर बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह शराब कुआं गांव के शराब दुकान प्रबंधक आलोक सिंह से लेकर आया था।
पुलिस ने मौके पर शराब और स्कूटी (क्रमांक MP21 ZF 1547) जप्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश दुबे के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक शशि भूषण सिंह, प्रधान आरक्षक पंकज त्रिपाठी, ब्रज भूषण तिवारी, आरक्षक सुरेश कोरी, चंद्रकमल पांडेय, अजय सिंह और महिला आरक्षक प्रीति पांडेय की सराहनीय भूमिका रही।