कटनी में अग्रवाल समाज द्वारा श्री श्री 1008 अग्रसेन महाराज जयंती महोत्सव-2025 बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आयोजन के दौरान समाज के उन दंपत्तियों का विशेष सम्मान किया गया, जिन्होंने वैवाहिक जीवन के 50 वर्ष पूरे किए हैं या जिनका 50वां वर्ष चल रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री शरद अग्रवाल (प्रदेश संयोजक, व्यापारी प्रकोष्ठ, भारतीय जनता पार्टी, जबलपुर) रहे। अध्यक्षता श्री पवन मित्तल (अध्यक्ष, अग्रवाल समाज एवं अग्रवाल मध्यप्रदेश महासभा, जिला इकाई) ने की। विशिष्ट अतिथियों में श्री सुरेन्द्र कुमार अग्रवाल (केपी संस), पूर्व अध्यक्ष, और श्री मुरली मनोहर अग्रवाल, सचिव, अग्रवाल समाज, शामिल रहे।

मुख्य अतिथि श्री शरद अग्रवाल ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहा कि, “अग्रवाल समाज सदैव दान, सेवा और समर्पण की मिसाल रहा है। समाज ने धर्मशालाएँ, मंदिर, कुएँ, बावड़ियाँ और स्कूल बनवाकर हर क्षेत्र में योगदान दिया है। व्यापार के साथ-साथ अब हमारे समाज के युवा डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड एकाउंटेंट और विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रहे हैं।”कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और आरती से हुई। महिला मंडल की सदस्याओं ने पारंपरिक आरती गाकर आयोजन को भक्ति और उत्साह से भर दिया। इसके बाद सम्मान समारोह में 9 दंपत्तियों को जयमाला, सम्मान-पत्र और अंगवस्त्र भेंट किए गए।
सम्मानित दंपत्ति रहे —
श्री दुर्गा प्रसाद – श्रीमती मालती अग्रवाल,
श्री जवाहरलाल – श्रीमती उषा अग्रवाल,
श्री स्वामी प्रसाद – श्रीमती शिवकुमारी अग्रवाल,
श्री चमनलाल – श्रीमती माधुरी अग्रवाल,
श्री जयकुमार – श्रीमती कमला अग्रवाल,
श्री कृष्ण कुमार (किशन) – श्रीमती कुसुम अग्रवाल,
श्री खूबचंद – श्रीमती राधारानी अग्रवाल,
श्री शिवकुमार – श्रीमती कुसुमलता अग्रवाल,
तथा श्री लखनलाल – श्रीमती सुशीला अग्रवाल (स्लीमनाबाद)।

इसके बाद बच्चों ने रंगारंग कौतुक-वेशभूषा प्रदर्शन किया, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा देशभक्ति नाट्य प्रस्तुति “ऑपरेशन सिंदूर”, जिसमें समाज की महिलाओं और बच्चों ने अपनी भावनाओं को देशप्रेम से जोड़ा।
कार्यक्रम में पहलगाम हमले से लेकर आतंकवाद के खात्मे और कश्मीर में अमन-खुशहाली की स्थापना तक की कहानी को नाट्य रूप में पेश किया गया। लगभग 42 प्रतिभागियों की इस शानदार प्रस्तुति ने पूरे सभागार को भावनाओं से भर दिया।
इसके पश्चात वाहन रैली और शोभायात्रा में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कमलराज अग्रवाल और श्रीमती दीप्ति अग्रवाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन श्रीमती अनीता अग्रवाल और रोहित अग्रवाल द्वारा किया गया।
अंत में श्री पवन मित्तल परिवार द्वारा आयोजित प्रीतिभोज के साथ कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ।