कटनी। मध्य प्रदेश में कांग्रेस का ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान अब जिले में जोर पकड़ चुका है। कांग्रेस इस अभियान के ज़रिए जनता को यह बताने की कोशिश कर रही है कि भाजपा ने सत्ता में आने के लिए लोकतंत्र की नींव — यानी मतों की ईमानदारी — के साथ खिलवाड़ किया है।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह ने मंगलवार को विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कई ग्रामों में पहुंचकर हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि, “लोकतंत्र में जनता के वोट की ताकत सबसे ऊपर होती है, लेकिन जब वोट चोरी से सरकार बनाई जाती है, तो यह लोकतंत्र के साथ विश्वासघात है।”
सौरभ सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर मतदाताओं को वोट चोरी के खिलाफ जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा की इस “वोट चोरी” पर रोक लगा दी गई, तो आधी लड़ाई कांग्रेस पहले ही जीत जाएगी।
अभियान के दौरान विजयराघवगढ़ क्षेत्र के मुड़ेहरा, कांटी, बरेहटा, झिरिया सलैया, सिंनगौड़ी, बरही और पिपरिया कला सहित कई गांवों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर कर समर्थन दिया।
कांग्रेस ने बताया कि पार्टी अब बीएल-2 टीम का गठन कर रही है, जो बूथ स्तर पर मतदाता सूची और मतदान प्रक्रिया की निगरानी करेगी।
इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवींद्र सिंह बघेल (छोटू), अंबिका प्रसाद द्विवेदी, कृष्णकांत बड़गैया, विनोद असाटी, गुलाब पाल, जगदीश चौधरी, सोमनाथ मिश्रा, राजू साहू, विपिन सिंह, विजय गुप्ता, जितेंद्र सिंह, विष्णु बड़गैया, रामधनी पटेल, रवि सिंह, पी. डी. यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।