द्वारका सिटी आवासीय रख-रखाव समिति मर्यादित के चुनाव आज व्यापक सरगर्मी के बीच कराए जा रहे हैं। पहली बार हो रहे सोसायटी के चुनाव में 16 उम्मीदवार अपना भाग्य आज़मा रहे हैं। इनमें से 11 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन होना है। इनमें 11 पुरुष और 5 महिला उम्मीदवार भाग्य आज़मा रहे हैं। चुने जाने वाले 11 सदस्यीय कार्यकारिणी सदस्य अपने बीच से अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी चुनेंगे।
जानकारी के मुताबिक, शहर के मध्य में बरगवां स्थित द्वारका सिटी आवासीय कॉलोनी की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने प्रशासन के सोसायटी रजिस्ट्रेशन नियमों के तहत पहली बार चुनाव कराए जा रहे हैं।
चुनाव की व्यवस्थाओं में लगे सुरेंद्र पाठक और रंजीत सिंह ने बताया कि चुनाव में कुल 103 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिनमें महिलाएँ भी शामिल हैं।
चुनाव अधिकारी गीतेश मेहरा की देखरेख में हो रहे इलेक्शन में 2 महिलाओं का भी चयन होना है। महिलाओं के दो पद आरक्षित हैं। वोटिंग सुबह 10 बजे शुरू हुई, जो शाम 4 बजे तक चलेगी। इसके बाद मतगणना शुरू होगी। शाम को ही नतीजे घोषित हो जाएंगे।