13 एवं 14 अक्टूबर को घर-घर जाकर पिलाई जाएगी पोलियो की दवा। कलेक्टर श्री तिवारी ने 5 वर्ष तक के बच्चों के अभिभावकों से पोलियो की दवा पिलवाने की अपील।
कटनी जिले में 12 अक्टूबर से शुरू होने वाले तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी बूथ में ले जाकर पोलियो की दवा अवश्य पिलवायें।
कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। पल्स पोलियो के अतिरिक्त चरण के अंतर्गत रविवार 12 अक्टूबर को जिले में स्थापित सभी पोलियो बूथों पर शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाए। अगर कोई बच्चा इस तिथि को दवा पीने से वंचित रहता है तो 13 एवं 14 अक्टूबर को घर-घर जाकर दवा पिलाने की व्यवस्था की जाएगी। कलेक्टर श्री तिवारी ने सोमवार को आयोजित बैठक में निर्देशित किया है कि अभियान के अंतर्गत कोई भी बच्चा दवा पिलाने से वंचित नहीं रहे, इस दिशा में सभी प्रकार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की हिदायत दी है।

बैठक में नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, सभी एसडीएम, सीएमएचओ डॉक्टर राज सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन डॉक्टर यशवंत वर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिले के 1 लाख 73 हजार बच्चों को पिलाई जायेगी दवा।
जिले में पल्स पोलियो अभियान के अतिरिक्त चरण के तहत 12 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक कुल 1670 बूथों में अभियान का आयोजन किया जायेगा। बूथ बी-टाइप के 1386, सी-टाइप के 182 तथा 27 मोबाइल टीमों के 75 ट्रांजिट बूथों में शून्य से 5 वर्ष तक के 1 लाख 73 हजार 418 बच्चों को पल्स पोलियो वैक्सीनेशन की खुराक पिलाई जायेगी। इस कार्य हेतु 3 हजार 354 कर्मचारी तथा 162 सुपरवाइजर की ड्यूटी लगाई गई है। अभियान के दौरान 43 फोर-व्हीलर वाहन एवं 242 टू-व्हीलर वाहन संलग्न होंगे।