नगर परिषद विजयराघवगढ़ द्वारा सोमवार को नए बस स्टैंड परिसर में लोक कल्याण मेला आयोजित किया गया। मेले का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें सीधे लाभ से जोड़ना रहा।
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष परते की मौजूदगी में अधिकारियों ने आम लोगों को योजनाओं का महत्व समझाया। मेले में विशेष तौर पर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना और जननी सुरक्षा योजना जैसी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया।
नगर परिषद के अधिकारी–कर्मचारियों ने स्टॉलों पर मौजूद रहकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी और उन्हें आवेदन की प्रक्रिया भी समझाई। बड़ी संख्या में पथ विक्रेताओं और स्थानीय नागरिकों ने मेले में हिस्सा लिया और योजनाओं से जुड़ने में रुचि दिखाई।
इस दौरान रविदास, संध्या अग्निहोत्री, रूपेश, शेख राजू, बाबा त्रिपाठी, नेहा गुप्ता और चेतना सहित परिषद के अन्य अधिकारी–कर्मचारी उपस्थित रहे।
ऐसे मेले न केवल आम लोगों को योजनाओं से जोड़ते हैं बल्कि प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद भी स्थापित करते हैं। विजयराघवगढ़ नगर परिषद की यह पहल निश्चित तौर पर समाज के कमजोर वर्गों के लिए मददगार साबित होगी।