शारदीय नवरात्र के अवसर पर औद्योगिक नगरी कैमोर में इस बार भी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रमों का अनोखा संगम देखने को मिला। मुरलीधर मंदिर और लेडीज़ क्लब में नौ दिनों तक गरबा और डांडिया महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु और प्रतिभागी शामिल हुए।
मंदिर परिसर और टेनिस हाल को आकर्षक रोशनी व सजावट से सुसज्जित किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण नजर आया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे नर–नारी गरबा की ताल पर थिरके और देवी मां की आराधना के साथ उत्सव का आनंद लिया।
आयोजन को भव्य बनाने के लिए मंच सज्जा, ध्वनि व्यवस्था और रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण बनीं। न केवल कैमोर के लोग बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस महोत्सव में शामिल हुए।
इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष पलक नमित ग्रोवर अपनी सहयोगी महिला टीम के साथ कार्यक्रम में पहुंचीं और स्वयं भी गरबा नृत्य कर उत्सव की रौनक बढ़ाई। उनके साथ महिलाओं की बड़ी टोली ने एकजुट होकर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे देखकर दर्शकों ने खूब सराहना की।
गरबा–डांडिया महोत्सव ने इस नवरात्र को और भी खास बना दिया। धार्मिक आस्था के साथ-साथ इस आयोजन ने समाज में एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत रखने का संदेश दिया। मुरलीधर मंदिर और लेडीज़ क्लब का यह आयोजन हर साल की तरह इस बार भी श्रद्धा और उत्साह से संपन्न हुआ और भक्तों ने माता रानी से सुख-समृद्धि की कामना की।