साहित्य, संस्कृति और पुस्तकों के प्रति जनमानस में रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से 13 वां राष्ट्रीय पुस्तक मेला एवं साहित्य महोत्सव का आयोजन 24 दिसंबर से 28 दिसंबर 2025 तक साधूराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर, कटनी में किया था । पाँच दिवसीय इस भव्य आयोजन में पुस्तक मेला, साहित्य महोत्सव, स्वदेशी स्टॉल, प्रदर्शनी, पुस्तक विमोचन, पुस्तक समीक्षा, काव्य सम्मेलन तथा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहें ।
आयोजन राष्ट्रीय साहित्य पुस्तक मेला समिति, कटनी (म.प्र.) द्वारा किया गया था । आयोजकों के अनुसार मोबाइल और डिजिटल युग में पुस्तकों के महत्व को पुनर्स्थापित करने, सद्साहित्य के प्रचार-प्रसार तथा समसामयिक विषयों पर सार्थक संवाद के उद्देश्य से यह आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है।
महोत्सव का शुभारंभ बुधवार, 24 दिसंबर 2025 को हुआ था । महोत्सव का समापन कार्यक्रम रविवार, 28 दिसंबर 2025 को शाम 5 बजे से प्रारंभ हुआ । समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सरदार अजीत सिंह नैयर (निदेशक, पंजाबी साहित्य अकादमी) एवं मुख्य वक्ता के रूप में उत्तम बैनर्जी (प्रांत कार्यवाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) की मौजूदगी थी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कटनी खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने की ।
मौजूद अतिथिगणों ने पुस्तक का विमोचन करने के पश्चात राष्ट्रीय पुस्तक मेला एवं साहित्य महोत्सव के आयोजन की सराहना करते हुए आयोजन समिति और स्टॉल संचालकों की जमकर सराहना की ।
इस अवसर पर बच्चों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया । देश भक्ति सनातन धर्म और संस्कृति से ओतप्रोत बच्चों की शानदार प्रस्तुति की मौजूद दर्शक दीर्घा ने करतल ध्वनि से उनका उत्साहवर्धन किया। महोत्सव में प्रतिदिन धाम 4 बजे से 6 बजे तक वाद-विवाद सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा शाम 5 बजे से 8 बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए । पुस्तक मेला पूरे आयोजन काल में दर्शकों के लिए खुला था । ।
समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओ एवं कार्यक्रमों के विजेता प्रतिभागियों को अतिथिगणों द्वारा पुरस्कृत कर उन्हें उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद प्रदान किया । कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगर के गणमान्यजनों की मौजूदगी थी ।