दशहरा उत्सव एक ही दिन परंपरागत ढंग से मनाने का सर्वसम्मति से फैसला, धार्मिक आयोजनों में नशाखोरी और अव्यवस्था पर सख्त कार्रवाई : टीआई रितेश शर्मा, शांति, सौहार्द और सुरक्षा के लिए पुलिस की पैनी नज़र
विजयराघवगढ़ में नवरात्र और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। थाना प्रभारी रितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल ने नगर के मुख्य मार्गों पर पैदल मार्च निकाला और लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
थाना परिसर में हुई शांति समिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि इस बार दशहरा चालू समारोह परंपरागत रूप से एक ही दिन मनाया जाएगा। पिछले कुछ सालों से अलग-अलग दिनों में विसर्जन होने के कारण प्रशासन पर अतिरिक्त भार पड़ता था और यातायात व्यवस्था बिगड़ जाती थी। अब सभी समितियों और नागरिकों ने इस परंपरा को बनाए रखने पर सहमति जताई है।
थाना प्रभारी रितेश शर्मा ने साफ चेतावनी दी कि किसी भी धार्मिक आयोजन में नशाखोरी, अव्यवस्था या विवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और इसकी जिम्मेदारी खुद उनकी होगी। उन्होंने अपील की कि वाहन व्यवस्थित ढंग से खड़े करें और छोटी बातों को विवाद का रूप न दें।
इस दौरान एसडीओपी विरेंद्र नार्वे ने भी नागरिकों से अपील की कि दशहरा और नवरात्र पर्व को भाईचारे और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाएँ और प्रशासन को सहयोग दें।