नवरात्र पर्व पर माँ बड़ी देवन मंदिर के दर्शन कर लौट रहे एक ही परिवार के तीन बच्चों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार, 30 सितंबर को पन्ना–अजयगढ़ बायपास पर हुआ, जब एक तेज रफ्तार टूरिस्ट बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, लालकरन आदिवासी (19 वर्ष) पिता टूनगा आदिवासी अपनी दो बहनों – अनारकली (10वर्ष) और अंजलि (13वर्ष) पिता रणधीर आदिवासी के साथ बड़ी देवन माता मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे थे।
इसी दौरान छतरपुर से पन्ना की ओर आ रही बस क्रमांक MP 16 P 0273 ने सामने से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।


घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पन्ना ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।
फिलहाल पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली टीआई रोहित मिश्रा के मुताबिक हादसे के बाद आरोपी बस चालक मौके से फरार हो गया। बस और बाइक को जब्त कर लिया गया है, वहीं चालक की तलाश के लिए पुलिस ने जांच सुरु कर दी है।