आधे घंटे तक जाम में फंसी रही एंबुलेंस ।
कटनी शहर की चरमराई यातायात व्यवस्था का एक और भयावह उदाहरण शुक्रवार की दोपहर देखने को मिला । जब कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले रेलवे ओवरब्रिज पर एक एंबुलेंस करीब आधे घंटे तक जाम में फंसी रही। यह घटना उस समय हुई जब एंबुलेंस सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को लेने के लिए जा रही थी। इस दौरान एंबुलेंस का चालक लाउडस्पीकर से लगातार चिल्लाता रहा, एक्सीडेंट हुआ है, हमें जाने दो, लेकिन भीषण जाम के आगे उसकी एक न चली।
दोपहर करीब 12:40 बजे हुए इस घटनाक्रम ने शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर किए जा रहे तमाम दावों की पोल खोल दी। ओवरब्रिज पर लगा जाम इतना ज्यादा था कि एंबुलेंस का आगे निकलना दूभर हो गया था।
एंबुलेंस (108) के पायलट राजेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें एनकेजे थाना क्षेत्र के जुहला ग्राम के पास सड़क दुर्घटना होने की सूचना मिली थी। घायलों तक जल्द पहुंचने की कोशिश में जुटे पायलट को ओवरब्रिज पर लगे जाम ने रोक लिया। राजेंद्र कुमार लगातार लाउडस्पीकर पर इमरजेंसी की दुहाई देते रहे, लेकिन जाम की स्थिति इतनी विकट थी कि करीब 30 मिनट तक एंबुलेंस जाम में फंसी रही। एक जीवनरक्षक वाहन का यूं बीच रास्ते में रुक जाना, सीधे तौर पर किसी की जान जोखिम में डालने जैसा था।
जाम में फंसे राहगीरों ने स्थिति की गंभीरता को बयां किया। उन्होंने बताया कि जाम करीब आधे घंटे तक लगा रहा। इससे भी चौंकाने वाली बात यह थी कि इतने बड़े जाम को नियंत्रित करने और एंबुलेंस को रास्ता दिलाने के लिए यातायात का कोई भी पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद नहीं था। शहर में रोज ऐसी स्थिति निर्मित होती है । यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है।
इस दौरान स्थानीय लोगों और अन्य वाहन चालकों ने एकजुट होकर मशक्कत की और वाहनों को व्यवस्थित करवा एंबुलेंस के लिए रास्ता बनवाया, जिसके बाद एंबुलेंस अपनी मंजिल की ओर बढ़ सकी