नवरात्र पर्व की रात जब पूरा इलाका भक्ति और आस्था में सराबोर था, उसी वक्त विजयराघवगढ़ पुलिस ने अवैध शराब तस्करों पर कड़ा प्रहार करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की।
थाना प्रभारी रीतेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिंघवारा गेट रोड पर कार्रवाई कर 17 पेटी यानी 850 पाव (कुल 153 लीटर) अवैध देशी प्लेन शराब और करीब 3 लाख रुपये की मारुति सुजुकी कार (क्रमांक MP 21 CA 5948) जब्त की। पुलिस ने मौके से आरोपी अमन उर्फ गबरु पिता सुरेश सिंह ठाकुर (29 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती शंभू दास गली, मशुरहा वार्ड, थाना कोतवाली, जिला कटनी) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि शराब की कुल कीमत 76,500 रुपये आँकी गई है। आरोपी के पास से किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं मिला। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर दी गई है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रीतेश शर्मा, सउनि जय सिंह ठाकुर, आरक्षक अंजनी झा, आरक्षक पप्पू प्रजापति और स्वतंत्र साक्षियों की अहम भूमिका रही। पुलिस की सतर्कता और तेजी ने यह साफ कर दिया है कि कानून के खिलाफ काम करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने विजयराघवगढ़ पुलिस टीम की सराहना की और कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और नशा मुक्ति के अभियान को मजबूत बनाने में साथ दें।