धरना प्रदर्शन से पहले युवा समाजसेवी तिलक राज पटेल ने कई बार सोशल मीडिया के माध्यम से आवाज उठाई थी, लेकिन उनकी बात पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
अमानगंज क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बमुरहा ग्राम तक सड़क न होने की वजह से ग्रामीणों, विशेषकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को बरसात के मौसम में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए ग्राम के युवाओं ने मंन्नीखिरवा मोड़ पर पेड़ के नीचे धरना प्रदर्शन किया।
युवा समाजसेवी तिलक राज पटेल ने बताया कि बरसात के समय कई बार प्रशासन और नेताओं को सोशल मीडिया के माध्यम से गांव की सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया गया। चुनाव के समय नेता बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन सड़क की समस्या आज तक जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि न तो कोई नेता धरना स्थल पर पहुंचा और न ही कोई अधिकारी। आक्रोशित युवाओं और ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन के दौरान भ्रष्टाचार के खिलाफ नारे लगाए और शीघ्र सड़क निर्माण की मांग की।