विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। ग्राम बरहटी-गोइंद्रा निवासी 60 वर्षीय किसान सियालाल बहेलिया पिता राम खिलावन बहेलिया के हाथ से बुधवार दोपहर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने ढाई लाख रुपये से भरा थैला छीन लिया और मौके से फरार हो गए। यह वारदात विजयराघवगढ़ मुख्य मार्ग स्थित पीएचई पानी की टंकी के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, किसान सियालाल बहेलिया ने अपनी पत्नी के इलाज के लिए जमीन बेचकर यह रकम जुटाई थी। सुरक्षा की दृष्टि से वह रुपए भारतीय स्टेट बैंक में जमा कराने पहुंचा, लेकिन आधार लिंक न होने की वजह से बैंक में रकम जमा नहीं हो सकी। मजबूरी में वह थैला लेकर पैदल ही गांव की ओर लौट रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसका थैला छीन लिया और बाइक से फरार हो गए।
घटना से घबराए किसान ने तुरंत थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश शर्मा ने उपनिरीक्षक श्री झारिया के साथ बैंक पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन कैमरों से कोई सुराग हाथ नहीं लगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।